आठ अगस्त को दिल्ली के जंतर मंतर पर ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ नामक संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समान नागरिक संहिता को लागू करने के पक्ष में रैली हुई थी, जिसमें प्रत्यक्ष तौर पर मुस्लमानों के ख़िलाफ़ हिंसा का आह्वान किया गया था।
आरोप है कि इस दौरान भड़काऊ और मुस्लिम विरोधी नारेबाज़ी की गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल कार्यक्रम के एक वीडियो में प्रत्यक्ष तौर पर मुस्लिमों की हत्या का आह्वान किया गया था।
इस कार्यक्रम में भाजपा नेता गजेंद्र चौहान भी मौजूद थे और उन्हें मंच पर देखा गया था। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को इस संबंध में मामला दर्ज किया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अश्विनी उपाध्याय के अलावा हिंदू सेना के अध्यक्ष दीपक सिंह हिंदू, विनीत क्रांति, प्रीत सिंह, दीपक कुमार और विनोद शर्मा, जो सुदर्शन वाहिनी के प्रमुख हैं, गिरफ्तार किए गए हैं. संयुक्त पुलिस आयुक्त नई दिल्ली रेंज जसपाल सिंह ने छह लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पुलिस सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि मामले में और आरोपियों की तलाश में अभी भी दिल्ली में छापे मारे जा रहे हैं।
इंडियन एक्सप्रेस रिपोर्ट के अनुसार, जंतर मंतर पर इस कार्यक्रम का आयोजन पुलिस की बिना मंज़ूरी के हुआ था।