अफ्रीका डे के मौके पर भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र समेत अन्य बहुपक्षीय मंचों पर अफ्रीका की बड़ी भूमिका के समर्थक हैं।
अफ्रीका-डे के मौके पर केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राजधानी दिल्ली में एक सभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने भारत और अफ्रीका के संबंधों पर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को बहुत निकटता से मिलकर काम करना होगा। जयशंकर ने आगे कहा कि भारत विश्व बंधु होने की सच्ची भावना के साथ पारस्परिक रूप से लाभप्रद और पारस्परिक रूप से सम्मानजनक संबंध की उम्मीद करता है।
विदेश मंत्री ने कहा, "हमारे सैन्य संस्थानों में कई देशों के सैन्य अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाता है। भारत ने नाइजीरिया, इथियोपिया और तंजानिया में रक्षा संस्थानों की स्थापना में भी योगदान दिया है।" उन्होंने आगे कहा, "भारत ने बोत्सवाना, नामीबिया, युगांडा, लेसोथो, जाम्बिया, मॉरीशस, सेशेल्स और तंजानिया जैसे कई अफ्रीकी देशों में प्रशिक्षण टीमें तैनात की हैं।"